बिसौली के वीर बाबू की बगिया में शुक्रवार रात हादसा हो गया। बिजली के तार की चपेट में आने से 35 वर्षीय सफाई कर्मचारी संजीव वाल्मीकि की मौत हो गई। वह अपने किराए के मकान की छत पर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
बदायूं के बिसौली कस्बे के मोहल्ला वीर बाबू की बगिया में बिजली के तार की चपेट में आने से 35 वर्षीय सफाई कर्मचारी संजीव वाल्मीकि गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सफाई कर्मचारी की मौत होने के बाद पत्नी और चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, बिसौली कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वीर बाबू की बगिया निवासी संजीव वाल्मीकि कल्याणपुर गांव में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात थे। शुक्रवार रात 11 बजे को वह वीर बाबू की बगिया स्थित अपने किराए के मकान में छत पर जा रहे थे। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़े।
परिवार के लोग उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इंकार कर दिया। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में नहीं आया है। जानकारी कराई जा रही है।