संबंधित प्रधान और सचिव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
सीडीओ ने जांच कराई तो सामने आया मामला
जिले में लोहिया गांवों में शौचालय निर्माण में धांधली का बड़ा मामला कादरचौक के गांव भोजपुर नरायनपुर में उजागर होने के बाद सीडीओ ने खुद जांच की कमान संभाली, तो 13.22 लाख का घोटाला प्रकाश में आया है। इस मामले में सीडीओ के निर्देश पर जिला पंचायतराज अधिकारी ने प्रधान और सचिव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है।
कादरचौक ब्लाक क्षेत्र के लोहिया गांव भोजपुर नरायनपुर में 20.87 लाख रुपये से 174 शौचालय बनाए जाने की रिपोर्ट तो उच्चाधिकारियों को दे दी गई। गांव में तमाम शौचालयों का निर्माण ही नहीं हुआ है। यह मामला पकड़ में आया तो अमर उजाला ने खबर प्रकाशित की तो सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया ने अधिकारियों के बड़े दल के साथ लोहिया गांव भोजपुर नरायनपुर में धावा बोलकर तेज गति की जांच शुरू कराई। घर-घर कराई गई इस जांच में खुद सीडीओ ने भी गांव की गलियों की खाक छानी। जांच ने पहले ही घपले के संकेत दिए थे। वर्ष 2014-15 के लोहिया गांव में पंचायतराज विभाग ने 175 शौचालयों का निर्माण कराने को धनावंटन किया था। ग्राम प्रधान और सचिव की करतूत ने इस गांव में शासन की योजना को फेल कर दिया।
जांच के बाद सीडीओ के आदेश पर जिला पंचायतराज अधिकारी ने 13.22 लाख के गबन को लेकर ग्राम प्रधान अभय प्रताप सिंह और सचिव सुनील कुमार के खिलाफ थाना कादरचौक में एफआईआर दर्ज करा दी है।
------
डीडी पंचायत के निरीक्षण में हुआ था घोटाले का खुलासा
कादरचौक। डीडी पंचायत अभय कुमार शाही ने अपने निरीक्षण में पाया कि गांव में सभी शौचालयों को निर्मित दिखाया गया है। उन्हें आश्चर्य हुआ कि गांव में एक भी शौचालय नहीं बना है। उन्होंने इसे बेहद गंभीर मानते हुए उच्चाधिकारियों के संज्ञान में दिया।
-----
सीडीओ के साथ जांच में आए थे ये अधिकारी
कादरचौक। सीडीओ की जांच टीम में एक अगस्त को उपायुक्त मनरेगा जय सिंह, एआर कोआपरेटिव अंबिका प्रसाद यादव, प्रभारी सहायक अभियंता डीआरडीए मो. आरिफ, बीडीओ कादरचौक भीमजी उपाध्याय, तकनीकी अन्वेषक कमल मिश्रा, स्वच्छता अभियान के जिला समन्वयक जांबाज साथ रहे। इनको गांवों के कई भाग बनाकर जांच एक साथ कराई गई है। सबूतों के लिए सचिव और प्रधान के खातों की भी निगरानी भी की गई।