यज्ञ स्थल की परिक्रमा करते दिखे भक्त। संवाद
बदायूं। बिसौली के काली शक्ति पीठ में चल रहे पंचकुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के चौथे दिन श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां दीं। श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला की परिक्रमा कर पुण्य लाभ कमाया व यज्ञ भगवान से मनौतियां मानी।
यज्ञ के चौथे दिन सोई आश्रम से आए फूलबाबा ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा यज्ञ जैसे शुभ कार्यों से होती है। मंत्रोच्चार, घृत आहुतियों की सुगंध और जयघोष से वातावरण भक्तिमय बनता है।
यज्ञ में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिकता का भावपूर्ण वातावरण रहा। संत कुंज आश्रम, सतना से पधारे राधेश्याम महाराज ने वेदमंत्रों का सस्वर वाचन किया। श्रद्धालुओं ने यज्ञदेव भगवान की परिक्रमा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रमुख यजमान वीरेंद्र बाबू, मनु यादव, राजा यादव, संदीप, संजीव, अवधेश यादव व भूपेंद्र सिंह के साथ नायब तहसीलदार गिरिजा शंकर, इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह, एसआई शिवेंद्र भदौरिया आदि उपस्थित रहे।