बदायूं शहर के राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस और मतदाता साक्षरता क्लब के संयुक्त तत्वावधान
बदायूं। राजकीय महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और मतदाता साक्षरता क्लब के संयुक्त तत्वावधान में मतदाता जागरूकता पर निबंध प्रतियोगिता हुई। इसमें छात्राओं ने लोकतंत्र में मतदान के महत्व और नागरिकों की जिम्मेदारी पर विचार व्यक्त किए।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. संध्या सक्सेना ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण नागरिक कर्तव्य भी है। सभी को जागरूक मतदाता बनने के साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए। प्रतियोगिता में बीएससी तृतीय सेमेस्टर की सना और बीए पंचम सेमेस्टर की खुशी ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बीए पंचम सेमेस्टर की अंशिका द्वितीय और बीए प्रथम सेमेस्टर की नेहा तृतीय स्थान पर रहीं। इस दौरान मतदाता साक्षरता क्लब के संयोजक डॉ. ऋषभ भारद्वाज, सदस्य डॉ. भावना सिंह तथा निर्णायक मंडल में शामिल डॉ. वंदना और डॉ. वेद प्रकाश मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत बनाने और शत-प्रतिशत मतदान के लिए लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।