बदायूं। खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने होली के मद्देनजर मिलावटखोरी रोकने के लिए शनिवार को कुंवरगांव के बाजार में छापा मारकर दुकानों से सरसों के तेल और मैदा के नमूने भरे। एफएसडीए की टीम को देख कर काफी संख्या में दुकानदार दुकानें बंद करके भाग गए।
त्योहार के सीजन में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट का धंधा भी तेज हो जाता है। मिलावट रोकने के लिए एफएसडीए ने छापा मारना शुरू कर दिया है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे खाद्य निरीक्षक भूपेंद्र सिंह, शंभू दयाल और सतीश मिश्रा की टीम कुंवरगांव पहुंची। टीम ने यहां गोविंद पोरवाल और संजीव कुमार उर्फ सल्लू की दुकानों से सरसों के तेल के नमूने लिए। इसके अलावा पूरन साहू की दुकान से मैदा का नमूना भी लिया। सैंपलिंग की कार्रवाई के दौरान आस-पास के दुकानदार दुकानों को बंद करके भाग गए। खाद्य निरीक्षक सतीश मिश्रा ने बताया कि नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद