बदायूं/ बिसौली। डीएम कुमार प्रशांत ने एसएसपी और सीडीओ के साथ में बिसौली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की समस्याओं को सुना। वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस मेें जो भी शिकायतें आयी है, उनका गुणवत्ता पूर्वक निस्तारण किया जाए, साथ ही निस्तारण की जानकारी शिकायतकर्ताओं को दी जाए। संपूर्ण समाधान दिवस में 97 शिकायतें आयी। इसमें मात्र आठ शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम के पास गांव भुसाया निवासी धर्मवीर पहुंचे। उन्होंने शिकायत की कि उसका शौचालय नहीं बना है और शौच के लिए खेत में जाना पड़ता है। कई बार वह आवेदन कर चुका है, लेकिन अभी तक उसका नाम पात्रता सूची में नहीं आया है। डीएम ने डीपीआरओ को निर्देश दिए कि लाभार्थी की जांच कराएं और पात्रता की सूची में हो तो उसका शौचालय बनवाया जाए। गांव भूड़ बिसौली निवासी गुड्डू ने शिकायत की कि उसके गांव में घूर व कब्रिस्तान की सरकारी भूमि पर गांव के दबंग ने कब्जा कर निर्माण करा लिया है। डीएम ने तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गांव छतरा निवासी सुनील ने शिकायत की कि गांव के कुछ लोगों से लेखपाल ने मोटी रकम लेकर गांव की आबादी की जमीन पर अवैध कब्जा करा दिया है। डीएम ने एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गांव मलिकपुर निवासी राजेश कुमार ने शिकायत की कि ग्रामसभा की जमीन पर गांव के ही लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कर लिया है। डीएम ने खंड विकास अधिकारी और एसडीएम को स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ निशा अनंत, एसडीएम सीपी सरोज मौजूद रहे।