बदायूं के भूड़ा भदरौल गांव में गॉर्ड ऑफ ऑनर देते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। कादरचौक के भूड़ा भदरौल गांव में काछी गिरोह का सफाया करने वाले शहीद पुलिसकर्मियों की याद में रविवार को शहीद दिवस मनाया गया। एसओ और कादरचौक के तमाम पुलिस कर्मियों ने हवन पूजन कर उनको श्रद्धांजलि अर्पित कर सलामी दी। साथ ही शहीदों के परिवारवालों को सम्मानित किया।
सोमवार को कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा भदरौल में शहीद दिवस मनाया गया। एसओ वेदपाल सिंह और चौकी इंचार्ज जब्बार अली ने शहीद स्थल पर पुष्प चक्र अर्पित किए। शहीदों को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया। शहीद स्मारक समिति अध्यक्ष सतीश चंद्र गौड़ ने बताया कि हर साल नौ जनवरी को यहां शहीद दिवस मनाया जाता है।
वर्ष 1978 में कादरचौक इलाके से लेकर एटा, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद जिले तक काछी गिरोह का आतंक था। एटा जिले में तैनात सीओ आरएन पांडेय तब काछी गिरोह के बदमाशों का पीछा करते हुए कादरचौक इलाके के भूड़ा भदरौल गांव की कटरी में आ गए थे। यहां एटा और बदायूं पुलिस की बदमाशों से करीब 24 घंटे तक मुठभेड़ हुई थी। इसमें कानपुर निवासी सीओ आरएन पांडेय, मथुरा निवासी कादरचौक थाने के हेड कांस्टेबल मोहनलाल गौतम और बरेली जिले के बल्लिया निवासी कांस्टेबल रामदास शहीद हो गए थे। इस मुठभेड़ में सरगना काछी समेत सारे बदमाश भी मारे गए थे। इस पर भूड़ा भदरौल निवासी कन्हैया लाल शर्मा, नाथूराम शर्मा, रामनिवास शर्मा और नेत्रपाल सिंह आदि ने शहीद स्मारक समिति का गठन किया। तब से ग्रामीण और पुलिस हर साल नौ जनवरी को शहीद दिवस मनाते हैं। सोमवार को भूड़ा भदरौल पहुंचे शहीदों के परिवारवालों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। इस दौरान दिनेश शर्मा, राजू शर्मा, मंगलसेन, महेंद्र सिंह, गंगा सिंह आदि मौजूद रहे।
-
शहीद स्थल देखकर भावुक हो गए परिवारवाले
सोमवार को शहीद दिवस पर सीओ आरएन पांडेय, हेड कांस्टेबल मोहनलाल गौतम और कांस्टेबल रामदास के परिवारवाले पहुंचे। इस दौरान तमाम ग्रामीणों और थाना पुलिस ने उन्हें सम्मानित किया। वह शहीद स्थल देखकर भावुक हो गए। उन्होंने अपनों को याद किया तो उनकी आंखों से आंसू निकल आए। लोगों ने उन्हें सांत्वना दी। संवाद