बदायूं। आईजीआरएस शिकायतों में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी अवनीश राय ने 17 अधिकारियों का अग्रिम आदेशों तक वेतन रोक दिया। इन अधिकारियों का शासन से निर्धारित न्यूनतम 90 प्रतिशत संतुष्टि मानक कम पाया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण की शासन स्तर पर नियमित समीक्षा की जा रही है। शासन ने शिकायतकर्ता संतुष्टि को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए न्यूनतम 90 प्रतिशत संतुष्टि मानक निर्धारित किया है। इसके बावजूद कई अधिकारियों ने बार-बार निर्देश देने के बाद भी अपेक्षित सुधार नहीं किया। डीएम ने बताया कि समीक्षा के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत इस्लामनगर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बदायूं/ नगर पंचायत कछला, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बिल्सी, बीडीओ कादरचौक, खंड विकास अधिकारी दातागंज व समरेर, बीडीओ आसफपुर, बीडीओ अंबियापुर, बीडीओ इस्लामनगर, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक सीएचसी/पीएचसी इस्लामनगर, जिला युवा कल्याण अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी बिसौली, सब रजिस्ट्रार दातागंज, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय, अधिशासी अभियंता नलकूप खंड द्वितीय सिंचाई संसाधन और अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम/तृतीय सहित 17 अधिकारियों का वेतन रोक दिया गया है।