बदायूं। विकास खंड जगत के संविलियन विद्यालय सखानूं में मिड-डे मील (एमडीएम) में अनियमितता का मामला सामने आने के बाद बीएसए ने सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने प्रधानाध्यापक भारत सिंह को निलंबित कर दिया है। जांच में सामने आया कि एमडीएम मानक के अनुरूप नहीं बनाया जा रहा है और फल वितरण भी नहीं किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को संविलियन विद्यालय सखानूं का निरीक्षण किया। इसमें उन्होंने विद्यालय में छात्र-छात्राओं को जमीन पर बैठाकर भोजन कराया जा रहा था। यही नहीं छात्र-छात्राएं अपने घर से एमडीएम खाने के लिए बर्तन लाने को मजबूर दिखे। जबकि शासन स्तर से स्कूल को बर्तन खरीदने के लिए धनराशि भी उपलब्ध कराई गई थी।
पूछताछ में प्रधानाध्यापक बर्तन क्रय संबंधी कोई अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सके। वहीं, रसोइया ने बीएसए को बताया कि वह 20 किलो आटे से रोटी बना रहे हैं। जबकि नियमानुसार 28.15 किलो आटे से रोटी बनाई जानी थी। इससे पहले भी स्कूल का निरीक्षण किया था, तब भी कमियां मिली थीं। सुधार के निर्देश दिए थे। ऐसे में बीएसए ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक भारत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही बीईओ उझानी को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान प्रधानाध्यापक भारत सिंह को बीआरसी उझानी से संबद्ध किया है।