सैदपुर में चेयरमैन कर्मचारियों को देयकों का भुगतान करते हुए। संवाद
सैदपुर। नगर पंचायत चेयरमैन इशरत अली खान ने नगर के विकास के लिए करीब 3.75 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस धनराशि से नगर में करीब डेढ़ दर्जन सीसी रोड एवं इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही बंधन योजना के तहत मंदिर के सामने स्थित मार्ग का निर्माण एवं मंदिर परिसर का सुंदरीकरण भी कराया जाएगा।
नगर पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत कर्मचारियों के लंबित देयों का भी भुगतान किया गया। पेंशन एरियर, महंगाई भत्ता (डीए) और एसीपी एरियर मद में कुल 17 लाख, 27 हजार, 600 रुपये कर्मचारियों के खातों में जारी किए गए। चेयरमैन इशरत अली खान ने बताया कि नगर के विकास और कर्मचारियों के हित दोनों उनकी प्राथमिकता हैं। इस अवसर पर ईओ त्रिवेंद्र कुमार और नगर पंचायत सदस्यों में एहतरामुद्दीन, सतीश मौर्या, आजम हुसैन, विरासत अली, अफजाल खां, सौरभ कुमार माहेश्वरी आदि उपस्थित रहे।