तीन दिन पूर्व मंदिर से गाय चोरी की सूचना दिए जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर ग्रामीणों में आक्रोश भडक उठा। उन्होंने सहसवान-कछला मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। थोड़ी देर बाद खुद ही जाम खोल दिया। चेतावती दी कि यदि 24 घंटे के अंदर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो एसएसपी कार्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन किया जाएगा।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बक्सर के पास स्थित शिव मंदिर से 20 जून की रात चोर तीन गाय चुराकर ले जा रहे थे। अचानक उनमें से दो गाय चोरों के चंगुल से छूटकर मंदिर के पास ही चल रहे मैंथा प्लांट पर पहुंच गईं। वहां पर मौजूद लोगों ने गायों को देखते ही समझ लिया कि यह गाय मंदिर वाली हैं, जब मंदिर पहुंचकर पता किया तो वहां से तीनों गाय गायब मिलीं। तब ग्रामीणों ने लामबंद होकर चोरों का पीछा किया, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़े। ग्रामीणों का दावा है कि वह चोरों को जानते हैं।
ग्रामीणों ने चोरों को नामजद करते हुए इसकी सूचना 21 जून की सुबह कोतवाली पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करना तो दूर मौके पर पहुंचकर इसकी जांच करना मुनासिब नहीं समझा। इससे ग्रामीणों में आक्रोश भडक उठा। सोमवार की दोपहर सहसवान-कछला मार्ग पर जाम लगाते हुए ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसमें तमाम लोग शामिल हुए।