उझानी। कस्बे में शनिवार रात रेलवे स्टेशन के नजदीक दो शराबी युवकों ने एक साधु के साथ मारपीट कर दी। उसके कपड़े पकड़ कर खींच लिए, जिससे साधु निर्वस्त्र हो गया। प्रत्यक्षदर्शी लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। उन्हें कोतवाली ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
यह मामला शनिवार रात करीब 9:30 बजे का है। साधु कासगंज जिले के सोरो कोतवाली क्षेत्र का रहने वाले हंै। वह उस दौरान उझानी रेलवे स्टेशन पर रुके हुए थे। साधु के मुताबिक उसके पास दो युवक शराब के नशे में पहुंचे। उन्होंने अभद्रता करना शुरू कर दी। साधु रेलवे स्टेशन से निकलकर बाहर आ गया। आरोपी युवक भी रेलवे स्टेशन से बाहर आ गए। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी और कपड़े खींच िलए। इससे साधु निर्वस्त्र हो गया। साधु को निर्वस्त्र देखकर मौके पर काफी लोगों की भीड़ लग गई। उन्होंने इस घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। साथ ही प्रत्यक्षदर्शी लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी, जिससे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और युवकों को कोतवाली ले आई। बताते हैं कि साधु के साथ मारपीट करने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने साधु से मारपीट करने वालों की पिटाई लगा दी। इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। इसमें आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होगी संवाद