बदायूं। शासन की ओर से दातागंज और शेखूपुर क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों के नवनिर्माण को मंजूरी देते हुए दो करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के आधा दर्जन गांव के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
दातागंज तहसील क्षेत्र के तहत शंकरपुर से तालिबगंज मार्ग का नवनिर्माण कराया जाएगा। जिसके लिए 79.55 लाख रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। यह मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को फायदा मिलेगा।
वहीं शेखूपुर क्षेत्र में निजामपुर से जलालपुर तक संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 1.41 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह मार्ग कई गांवों को आपस में जोड़ता है, लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति बेहद खराब है, जिससे खासकर बारिश के मौसम में आवागमन लगभग ठप हो जाता है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से दोनों परियोजनाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एक्सईएन नरेश कुमार का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा और इसे तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा।