- आग की तरह फैली खबर सुनने के बाद हर कोई आश्रम की तरफ दौड़ा
समीपवर्ती ग्राम नगरिया अभय में एक बाबा के समाधि लेने की अफवाह गुरुवार को आग की तरह क्षेत्र में फैल गई, देखने के लिए दर्जनों लोग बाबा के आश्रम पहुंच गए लेकिन बाबा ने इस खबर को अफवाह बताया।
थाना क्षेत्र के ग्राम नगरिया अभय में गांव के उत्तर में बाबा रामानंद सरस्वती का आश्रम है। यहां रहकर बाबा भगवान का भजन पूजन करते हैं। किसी शरारती तत्व ने क्षेत्र में अफवाह फैला दी की बाबा शनिवार को सुबह 7.20 पर समाधि लेंगे। इसकी खबर फैलते ही दर्जनों लोग बाबा के आश्रम में पहुंच गए। 55 वर्षीय बाबा रामानंद सरस्वती ने बताया की वह बचपन में ही भगवान का भजन पूजन करने लग गए थे। 25 वर्ष की उम्र में उन्होंने अपनी निजी जगह पर आश्रम बनवाया। अब वहीं रहकर भगवान का भजन करते है। उन्होंने कहा कि शरारती तत्वों ने अफवाह फैला दी। इससे उन्हें काफी परेशानी हुई है। जो कोई भी आश्रम पर आता है वह एक ही बात पूछता है कि बाबा क्या समाधि लेने जा रहे हो। हालांकि यह साफ नहीं हो सका कि अफवाह किसने फैलाई।