सपा विधायक ओमकार सिंह यादव ने महावा नदी के रसूलपुर टप्पा मलसई घाट पर करीब तीन करोड़ की लागत से बनने वाले पुल का हवन-पूजन कर शिलान्यास किया। शिलान्यास के बाद पुल निर्माण में पिलर की नींव पर ईंट रखकर निर्माण का शुभारंभ भी किया। पुल की आधारशिला रखे जाने पर नदी के पार दर्जनों गांवों के लोगों में खुशी की लहर है। इस पुल के निर्माण होने पर वैशबाडा क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों का जिला और तहसील मुख्यालय तक पहुंचने का मार्ग सुगम हो जाएगा।
विधानसभा चुनाव के दौरान महावा नदी के पार दर्जनों गांवों के लोगों ने चोई की पुलिया वाले मार्ग पर होकर दर्जनों गांवों को जाने वाले महावा नदी पर पुल निर्माण की मांग उठाई थी। उस दौरान सपा प्रत्याशी ओमकार सिंह यादव ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया था कि सपा सरकार यदि सत्ता में आती है, तो इस महावा नदी पर पुल का निर्माण अवश्य कराया जाएगा। सरकार बनने के बाद विधायक ओमकार सिंह यादव ने सांसद धर्मेंद्र यादव के सहयोग से ग्रामीणों की इस समस्या को विधानसभा में रखते हुए इस पुल के निर्माण के लिए मांग उठाई। प्रदेश सरकार ने पुल निर्माण की स्वीकृती करते हुए कुल लागत का दस प्रतिशत धनराशि भी अवमुक्त कर दी है। इस मौके पर एलडीबी चैयरमेन नेमसिंह यादव, नबाव सिंह यादव,नरेश यादव,उल्फत सिंह, नत्थू सिंह, चंद्रकेश,विरेशपाल,मुन्ने,अकरम,भूरे,हरीशचंद्र आदि मौजूद रहे।