गुस्साए व्यापारियों ने लगाया जाम
दिनदहाड़े सराफा व्यापारी से लूटपाट की घटना के बाद सुरक्षा को लेकर तमाम व्यापारी उग्र हो गए। व्यापारियों ने ग्रामीणों के साथ बिसौली सहसवान रोड पर जाम लगा दिया। जाम लगने के बाद दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जिसकी वजह से राहगीरों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ गया। काफी मान मनोबल के बाद आक्रोशित व्यापारी शांत हुए।
बोरी में भरे आभूषण किए बरामद
-ग्रामीणों एवं व्यापारियों ने बदमाशों से बोरी में भरे गए आभूषण बरामद कर लिए। लेकिन लूटकांड में शिकार लालाराम रस्तोगी ने पांच लाख की नगदी गायब होने की बात कही है, इस पर पुलिस अधिकारी विफर गए। उनके विफरते ही व्यापारी उग्र हो गए। माहौल बिगड़ता देखने के बाद उन्होंने सभी से शांति बनाने की अपील की, तब व्यापारी व लोग मानने को तैयार हुए। इसके बाद मुकदमा रिपोर्ट करने का आदेश दिया गया।
घटना के बाद भी नहीं पहुंचे थाना प्रभारी
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीण एवं व्यापारी प्रभारी निरीक्षक को बुलाने की मांग पर अड़ गए। आरोप है, इस दौरान एक सिपाही एवं दारोगा ने व्यापारियों से घायल बदमाशों को अस्पताल पहुंचाने की बात कह दी। इसके बाद लोग भड़क उठे। काफी देर समझाने के बाद लोग शांत हुए और पुलिस बदमाशों को लेकर थाने चली गई।
बदमाशों ने बताए अपने नाम, पिटाई से घायल
पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए तीनों बदमाशों से पूछताछ की, तो उन्होंने अपने नाम उघैती थाना क्षेत्र के गांव स्वरूपपुर निवासी सचिन पुत्र स्वराज, बिसौली कोतवाली के गांव परसिया निवासी अंकित पुत्र धनवीर एवं आंवला कोतवाली के गांव राजपुर खुर्द निवासी प्रदीप पुत्र सुरेश बताया है। व्यापारियों व ग्रामीणों की पिटाई से गंभीर रूप से बदमाश घायल हो गए है। सीएचसी से तीनों बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
उघैती थाना क्षेत्र के खितौरा में एक सराफा दुकान में बदमाशों ने घुसकर लूटपाट की। मौके पर तीन बदमाशों को व्यापारियो व ग्रामीणों ने पकड़ लिया। घटना के समय तीन बदमाश ही शामिल पाए गए है। चौथे बदमाश के बारे में सीसीटीवी फुटेज से जानकारी की जा रही है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- ह्रदेश कठेरिया, एसपी ग्रामीण