फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Update: बरेली में दिनभर छाया रहा कोहरा, शीतलहर से कांपे लोग; तराई में भी कड़ाके की सर्दी

Fri, 19 Dec 2025 03:54 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली समेत तराई इलाके में कोहरे और सर्दी का सितम जारी है। शुक्रवार को शीतलहर चलने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। दिनभर कोहरा छाया रहा। कड़ाके की सर्दी से लोग ठिठुरते दिखे। 
विज्ञापन
बरेली में छाया कोहरा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में बृहस्पतिवार को हल्की धूप खिली तो शुक्रवार को सुबह से ही घना कोहरा छा गया। दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए। शीतलहर चलने से शीत दिवस की स्थिति बनी रही। तापमान में गिरावट होने से गलन और ठिठुरन बढ़ गई है। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन धीमी रफ्तार से चलते दिखाई दिए। जरूरी काम से बाहर निकले लोग ठंड से ठिठुरते दिखे। फिलहाल सर्दी से राहत के आसार नहीं हैं। शनिवार को भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 

विज्ञापन


दस डिग्री से नीचे पहुंचा न्यूनतम तापमान 
बृहस्पतिवार को हवा चलने से कोहरा छंट गया और दिनभर धूप खिली रही। लेकिन सर्द हवा के कारण गलन बरकरार रही। अधिकतम पारा चार डिग्री बढ़त के बाद सामान्य से चार डिग्री कम 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान    9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कड़ाके की सर्दी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। जिले में कोहरा और सर्दी के कारण आठवीं तक के स्कूलों में 20 दिसंबर तक अवकाश पहले ही घोषित किया जा चुका है।  

बदायूं में छाया कोहरा - फोटो : संवाद
बदायूं में छाया घना कोहरा, बाजारों में सन्नाटा
बदायूं जिले में कोहरे और सर्दी के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रही। प्रमुख हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। कई स्थानों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। सुबह के समय आसमान से कोहरे की बूंदें टपकती रहीं,जिससे ठंड में और इजाफा हो गया। सर्द हवा और नमी के चलते लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा। आवश्यक कार्य से निकलने वाले लोग पूरी तरह गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।

कोहरे का असर बाजारों पर भी देखने को मिला। रोजाना की तुलना में सुबह के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बेहद कम रही। ग्रामीण क्षेत्रों से शहर आने वाले लोगों की संख्या भी घट गई। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी सुबह और रात के समय कोहरा बने रहने की संभावना है। प्रशासन ने कोहरे के दौरान सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

स्टेडियम में कोहरे के बीच दौड़ लगाते बच्चे - फोटो : संवाद
सर्दी ने कंपकंपाया, दिनभर छाई रही कोहरे की चादर
पीलीभीत जिले में सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। पिछले दो दिनों से जिले का तापमान भी गिर रहा है। बृहस्पतिवार को तीन डिग्री पारा गिरा था। शुक्रवार को मौसम का मिजाज और ज्यादा बिगड़ गया। सुबह से ही जिला कोहरे की चादर में लिपटा रहा। दृश्यता पांच मीटर ही रह जाने से वाहनों की रफ्तार थमी नजर आई। लोगों की आवाजाही भी कम दिखी। सर्दी की वजह से लोग 10 बजे तक घरों में ही दुबके रहे। उधर, सुबह नौ बजे गांधी स्टेडियम में हो रही बेसिक की दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले बच्चे कोहरे के बीच अभ्यास करते नजर आए।
विज्ञापन

खीरी में ठंड का प्रकोप जारी
लखीमपुर खीरी जिले में लगातार चौथे दिन कोहरे का प्रकोप जारी है। शीतलहर ने लोगों की मुश्किल बढ़ा दी। शुक्रवार को सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, वाहनों को लाइट जलाकर धीरे धीरे चलना पड़ा। लोग गर्म कपड़े, जैकेट, स्वेटर और मफलर से खुद को ढककर ही घरों से बाहर निकले। जगह जगह दुकानों के बाहर लोग अलाव जलाकर तापते नजर आए।


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें