-शहर को बसों से लगने वाले जाम से मिलेगी मुक्ति
-डिपो निर्माण की मंजूरी और बजट के लिए मुख्यालय भेजा प्रस्ताव
-दातागंज रोड पर निगम पहले ही खरीद चुका है 12 बीघा जमीन
रोडवेज बसों की वजह से शहर में लगने वाले जाम से लोगों को जल्द मुक्ति मिल सकती है। रोडवेज अब अपनी वर्कशॉप शहर के बाहर दातागंज रेलवे क्रॉसिंग के पास बनाएगा। इससे काफी संख्या में रोडवेज की बसें वर्कशॉप में शिफ्ट हो जाने से शहर के बीचों बीच बने बस स्टैंड के बाहर बेवजह खड़ी नहीं होंगी। जाहिर है कि इससे जाम की समस्या से निजात मिलेगी। दातागंज रोड पर 12 बीघा जमीन हासिल करने के बाद वर्कशॉप निर्माण की मंजूरी और बजट के लिए परिवहन निगम के अफसरों ने मुख्यालय को प्रस्ताव भिजवा दिया है।
वर्कशॉप निर्माण के लिए दातागंज रेलवे क्रॉसिंग के पास पहले ही सहकारिता विभाग के कोल्ड स्टोर की करीब 12 बीघा जमीन का परिवहन निगम बैनामा करा चुका है। अब यहां निर्माण होना है। बदायूं डिपो के एआरएम राजेश कुमार के मुताबिक निर्माण शुरू कराने के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। बता दें कि शहर में रोडवेज डिपो बीचोंबीच है, अन्य डिपो की बसों का भी यहां स्टॉप होता है। इससे इलाके में जाम के हालात बने रहते हैं। लंबे समय से रोडवेज डिपो को शहर से हटाने की मांग हो रही थी। डिपो शिफ्ट करने की कवायद कई सालों से चल रही थी, इसके लिए जमीन नहीं मिल पा रही थी। लंबी कवायद के बाद दातागंज रोड पर सहकारिता विभाग की जमीन डिपो को मिल गई। अब यहां निर्माण होना बाकी है। निर्माण के लिए बदायूं डिपो के एआरएम राजेश कुमार ने बताया के प्रस्ताव स्वीकृति के बाद निर्माण चालू करा दिया जाएगा।
-----
डिपो के बेड़े में हैं करीब 165 बसें
बदायूं बड़ा बस स्टैंड है, लेकिन समस्या निजी और बाहरी जिलों से आने वाले बसों से है। रोज 200 से ज्यादा बसों का यहां आना-जाना होता है। इससे जाम की समस्या पैदा होती है। व्यस्त इलाके में डिपो होने की वजह से दिक्कत होती है। व्यापारियों का कहना है कि डिपो शिफ्ट होने से कई दिक्कत दूर हो जाएंगी।
--
वर्जन
जाम की समस्या को देखते हुए दातागंज रोड पर रोडवेज ने 12 बीघा जमीन खरीदी है। बस स्टैंड व वर्कशाप बनाने का प्रस्ताव मुख्यालय को भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
-राजेश कुमार, एआरएम