बदायूं। हाईवे किनारे कई यात्री शेड बनाए थे लेकिन वहां पर बसें नहीं रोकी जा रही हैं। इससे बसों की प्रतीक्षा के लिए यात्री बड़े चौराहों पर जाकर इंतजार करते हैं।
जिला मुख्यालय से बिल्सी रोड पर हर चार किलोमीटर पर यात्री शेड बनाए गए हैं। इसके बनाने का उद्देश्य यात्रियों को सुविधा देना था। परिवहन निगम के चालक इन यात्री शेड पर बसें नहीं रोकते हैं। ऐसे में लोग अब इन बूथों पर न जाकर बड़े स्टैंडों का रुख करने लगे हैं। बिल्सी रोड पर बसंतनगर के पास बने यात्री शेड पर मिले यात्री ओमकार व संजीव ने बताया कि यहां बसें न रुकने से लोगों को डग्गामार वाहनों से ही सफर करना पड़ता है। उन्होंने यात्री शेड पर बसें रुकवाने की मांग की है। एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि रोडवेज बसों के रुकने के स्थान निर्धारित हैं। वहीं बसें रोककर यात्रियों को बैठाया जा रहा है। कहीं अगर दिक्कत है तो यात्री प्रार्थना पत्र दें तो उस पर विचार किया जाएगा।