बदायूं। जिले से नोएडा के लिए सीधे कोई रोडवेज बस सेवा नहीं है। सदर विधायक की पहल व यात्रियों की मांग पर एआरएम ने नोएडा के लिए बदायूं से सीधे बस चलाने का फैसला लिया है। यह सेवा महाकुंभ मेले से बसों के लौटने पर शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए रूट चार्ट तैयार किया जा रहा है।
दिल्ली जाने वाली बस से नोएडा जाने में सवारियों को परेशानी होती है। यात्री कई बार सीधी बस सेवा की मांग चुके हैं। नोएडा के लिए जाने वाली बस बदायूं से गुन्नौर, बेलोन, डिबाई, अहमद नगर, रानीवाग, शिकारपुर, बुलंदशहर, सिकंदराबाद, दनकौर रेलवे स्टेशन, परी चौक से सेक्टर 37 होते हुए नोएडा पहुंचेगी। इस रूट पर 23 स्टॉपेज होंगे। अभी इसका किराया तय किया जा रहा है। यहां बता दें कि नोएडा डिपो की जो बसें बदायूं आ रही हैं उनका किराया 246 रुपये है। एआरएम अजय कुमार ने बताया कि नई बसें मिल रहीं हैं। महाकुंभ मेले से बसों के आते ही नोएडा के लिए बस का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। संवाद