बिल्सी। रोडवेज की बसें शाम सात बजे के बाद बिल्सी होकर दिल्ली को नहीं जाती हैं। इससे यात्रियों को परेशानी होती है। बिल्सी नगर व्यापारिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां के व्यापारियों का दिल्ली आना-जाना रहता है, लेकिन शाम सात बजे के बाद बिल्सी होकर दिल्ली के लिए कोई रोडवेज बस नहीं है।
रोडवेज की बसें बदायूं से चलकर बिल्सी, इस्लामनगर, बहजोई, संभल होते हुए दिल्ली जाती हैं। शाम को कोई बस नहीं है। इससे नगर और क्षेत्र के लोगों को दिल्ली जाने के लिए मुजरिया, सहसवान, गुन्नौर होकर जाना पड़ता है। व्यापारी लोकेश वार्ष्णेय का कहना है कि यदि बिल्सी होकर दिल्ली के लिए शाम सात बजे के बाद भी बस संचालित होती है तो लोगों को लाभ मिलेगा। पुरुषोत्तम शाक्य ने बताया कि दिल्ली के लिए रात के समय बस न मिलने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। युवाओं को पढ़ाई के लिए दिल्ली जाना होता है। एआरएम अजय कुमार ने बताया कि रात के समय वहां यात्री कम मिलते हैं। इस वजह से राजस्व नहीं आ पाता है। एक बार सर्वे कराएंगे। अगर यात्री मिले तो बस चलाई जाएगी।