वजीरगंज। सिचोली गांव के एक किसान परिवार पर सोमवार को ऐसा कहर टूटा, जिसने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। मामा गुड्डू यादव की अंत्येष्टि में शामिल होकर लौटते समय 24 वर्षीय बबलू यादव पुत्र रामगोपाल की गांव सोई के पास रोडवेज बस की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में उसकी बहन कुसुम गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना इतनी भीषण थी कि बाइक सवार बबलू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बस कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था।
सोमवार की सुबह पूरा परिवार मामा की अंत्येष्टि में शामिल होने बदायूं गया था। वापसी में मां राजकुमारी और बड़ी बहन ममता जिस रोडवेज बस में बैठी थीं, उसी बस ने आगे जा रहे बबलू की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। देखते ही देखते कुछ ही दूरी पर बेटे की मृत देह देखकर मां-बेटी बेसुध हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हादसे से बबलू के बच्चे हो गए अनाथ
बबलू यादव अपने पीछे पत्नी निष्का, दो छोटे बेटे नितिन (4 वर्ष), नन्ने (2 वर्ष) और कुछ ही दिन पहले जन्मी एक नवजात बेटी को अनाथ छोड़ गया है। दो वर्ष पहले पिता के निधन के बाद से ही बबलू घर का एकमात्र सहारा था। खेती-बारी करके वह पूरे परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसकी मौत से परिवार की आर्थिक रीढ़ टूट गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सीएचसी भेजकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर एकत्र होकर रोडवेज बस चालक की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की। हादसे की खबर फैलते ही पूरे सिचोली गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर रोडवेज बस चालक अक्सर तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं, जिसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ दुर्घटना स्थल पर यातायात नियंत्रण व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं न हों। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया बस को पुलिस ने कब्जे में लिया है। रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
बबलू यादव। फाइल फोटो