पुलिस से शिकायत करने पहुंचे चालक के साथ मौजूद सवारियां। संवाद
- फोटो : Archive
उझानी। बदायूं डिपो की रोडवेज बस के गैस सिलिंडर लदी ठेली से टकराने के बाद हंगामा हो गया। रसोई गैस की होम डिलीवरी से जुड़े हॉकरों ने बस को घेर लिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाया। सवारियों के साथ बस लेकर कोतवाली गेट पर पहुंचे चालक ने हॉकरों की पुलिस से शिकायत की। इसे लेकर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
हादसे के बाद मारपीट का मामला शनिवार दोपहर का है। रसोई गैस एजेंसी से ठेली में सिलिंडर लादकर होम डिलीवरी के लिए हॉकर निकले, तभी मथुरा जा रही बदायूं डिपो की रोडवेज बस पीछे से एक ठेली से भिड़ गई। चालक बदायूं निवासी अवनीश कुमार कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हॉकरों ने बस को घेर लिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्ष में मारपीट हो गई। बस चालक ने फोन कर पुलिस को भी मौके पर बुला लिया। पुलिस ने दो-तीन हॉकरों को हिरासत में ले लिया।
हंगामा होने के बाद पुलिस कर्मी उन्हें कोतवाली ले गए। चालक ने सवारियों समेत बस को भी कोतवाली के सामने खड़े कर दिया। सवारियों की मौजूदगी में पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। आरोप है कि रसोई गैस सिलिंडर हॉकरों ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस को घटना की जानकारी देने के बाद चालक बस को मथुरा लेकर चले गए। इसके विपरीत हॉकरों ने भी चालक पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि दोनों पक्ष में कहासुनी हो गई। एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप की पुलिस जांच कर रही है।