बदायूं। जिले के ग्रामीण अंचलों को बेहतर सड़क सुविधा देने के लिए लोक निर्माण विभाग ने योजना बनाई है। विभाग ने 150 या उससे अधिक आबादी वाले 36 मजरों को मुख्य संपर्क मार्गों से जोड़ने की योजना तैयार कर ली है। इस परियोजना का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है।
जिले के 36 ऐसे मजरे हैं, जहां अब तक पक्के संपर्क मार्ग नहीं बन पाए हैं। इन मजरों को जोड़ने के लिए करीब 40 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस पर करीब 44 करोड़ रुपये की लागत आएगी। परियोजना पूरी होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा। साथ ही लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा बाजार जैसी मूलभूत सुविधाओं तक आसानी से पहुंच मिल सकेगी।
लोक निर्माण विभाग ने अधिशासी अभियंता ने बताया कि जिन मजरों की आबादी 150 या उससे अधिक है। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर योजना में शामिल किया गया है। प्रत्येक मजरे को निकटतम मुख्य मार्ग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बताया कि उस्मानपुर से मुतफाबाद जरेठा मार्ग (1.70 किमी), उस्मानपुर से जरैठा मार्ग से भौयस वाया सलामपुर (0.79 किमी), खंडुआ से रामनगर (1.10 किमी), खंडुआ से कुबेरी कामसहाय मढैया तक (1.50 किमी), टिटौली से गुगौआ (0.50 किमी), अमानाबाद से रामनगर (0.50 किमी), महजूदा से रिनुआई (0.60 किमी), स्वरूपपुर से पलिया रतनपुर (0.40 किमी) तथा दुधवा से बढ़ौली की मझिया होते हुए मशूदपुर तक (0.55 किमी) मार्गों सहित 36 मजरों के लिए संपर्क मार्ग निर्माण प्रस्तावित किया है।
वर्ज-
- इन मार्गों के बन जाने से न केवल ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी। शासन से स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर कार्य जल्द प्रारंभ किया जाएगा। - -नरेश कुमार, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग