बदायूं। सड़क हादसों में मौतों पर अंकुश लगाने के लिए जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना के तहत बदायूं-मेरठ फोरलेन पर सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए कुल 4.72 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शासन स्तर से योजना के तहत 2.07 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। सड़क पर हादसों की आशंका कम करने के लिए अल्पकालीन और दीर्घकालीन दोनों तरह के कार्य प्रस्तावित हैं।
जिले में सड़क दुर्घटना के मामले काफी ज्यादा होते रहते हैं। ऐसे में इन सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकना और यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना संचलित की जा रही है। योजना के तहत चिह्नित स्थानों पर सड़क सुरक्षा से संबंधित जरूरी सुधार किए जाएंगे।
अल्पकालीन कार्यों के माध्यम से तत्काल सुधार किए जाएंगे, जबकि दीर्घकालीन कार्यों के जरिए सड़क की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शासन स्तर से 4.72 करोड़ रुपये की कार्ययोजना के सापेक्ष शासन से 2.07 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। लोक निर्माण के एक्सईएन देव पाल ने बताया कि शासन की ओर से धनराशि मंजूर कर दी गई है। जल्द ही काम कराया जाएगा।
बिल्सी की सात सड़कों के लिए 5.49 करोड़ मंजूर
बिल्सी। विधानसभा क्षेत्र की सात ग्रामीण सड़कों के नवीनीकरण के लिए राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद ने 5.49 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। करीब 15.83 किलोमीटर लंबे इन मार्गों की मरम्मत से ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।
स्वीकृत सड़कों में शहजाद नगर-पहाड़पुर वाया खुलैट, बिल्सी-नगला जाटान, मझारा-बांस बरोलिया, मजरा नाथ नगला-हरपालपुर प्राथमिक विद्यालय, उझानी-कछला मार्ग पर जनुईया होते हुए मुरावन नगला, कछला-सहसवान मार्ग से हरपालपुर और अकौली-सिद्धपुर मार्ग शामिल हैं। विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि विधानसभा का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। संवाद