कोतवाली पुलिस ने बुधवार को शहर में छोटे सरकार की दरगाह रोड पर सख्ती के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। सड़क के दोनों ओर अस्थाई अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया। अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई कि अगर वह फिर से अतिक्रमण करेंगे तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। इस दौरान कई जगह पर पुलिस और ठेला-खोमचा वालों के बीच नोकझोंक भी हुई।
इस्पेक्टर कोतवाली मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में निकली कोतवाली पुलिस टीम पहले शहर के मथुरिया चौक पर पहुंची। यहां से पैदल मार्च करते हुए पुलिस ने मथुरिया चौराहे से लेकर छोटे सरकार की दरगाह तक अभियान चलाकर अस्थाई अतिक्रमण हटाया। इस दौरान वाहनों की चेकिंग के साथ संदिग्धों की तलाशी भी ली गई। बता दें कि पिछले दिनों सूबे के डीजीपी ने पुलिस को निर्देश दिए थे कि रोज शाम को पुलिस पैदल मार्च करेगी। इसके बाद से पूरे जिले में यह अभियान चल रहा है। इंस्पेक्टर कोतवाली ने बताया कि गुरुवार को भी शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।