उझानी (बदायूं)। कछला-सहसवान रोड पर सवारियों से ओवरलोड टैंपो दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में सड़क पर पलट गया, जिससे टैंपो सवार युवती समेत आठ लोग घायल हो गए। यह देख मौके पर ग्रामीण दौड़ कर आ गए। उन्होंने घायलों को टैंपो से बाहर निकालकर एंबूलेस के जरिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। लोगों में गुस्सा बढ़ता देख चालक टैंपो को मौके पर ही छोड़कर भाग गया।
हादसा गांव पिपरौल के पास शुक्रवार शाम को हुआ। सहसवान से कछला के लिए सवारियों को बैठाकर चले टैंपो के चालक ने दूसरे वाहन से आगे निकलने के लिए ओवरटेक का प्रयास किया, उसी समय वह टैंपो पर नियंत्रण खो बैठा। टैंपो सड़क पर ही पलट गया। टैंपो सवार लोगों ने बचाव को चीख-पुकार मचाई तो पिपरौल समेत पड़ोस के गांव से कई लोग दौड़ कर मौके पर आ गए। ग्रामीणों ने घायलों को टैंपो से बाहर निकाला।
अधिकतर सवारियों के सिर में चोटे हैं। घायलों में शामिल सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव बक्सर बडेरिया निवासी नत्थू (60), सहसवान निवासी शेरनी (25) पत्नी चरन सिंह, मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव भीकमपुर निवासी शकील अहमद (22) पुत्र रईस अहमद, लता (20) पुत्री गोपाल दास, दिल्ली में थाना तिलकनगर निवासी गुड्डन (40) पुत्र ज्वाला प्रसाद और कासगंज जिले में सहावर थाना क्षेत्र के गांव याकूतगंज निवासी महेश (30) पुत्र योगेंद्र पाल शामिल हैं। कछला निवासी घायल दो युवकों को उनके परिजन निजी अस्पताल में ले गए, जिनका नाम नहीं पता चल सका।
ग्रामीणों ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। चश्मदीद लोगों के अनुसार टैंपो की रफ्तार अधिक थी। हादसे के दौरान चालक भी टैंपो में फंस गया लेकिन ग्रामीणों के गुस्से को देख वह मौके पर से भाग गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।