दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव खानपुर में चल रही भागवत कथा के दौरान मामूली बात पर विवाद हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली से भरकर आए पास के गांव के लोगों ने कथा स्थल पर तोड़फोड़ कर दी। इससे कथा सुनने आए श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस मामले में कथा आयोजकों की ओर से एक नामजद समेत दर्जन भर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गांव खानपुर में अजीत और राममूूर्ति द्वारा भागवत कथा का आयोजन कराया गया है। कई दिन से यह कथा चल रही है। गुरुवार की रात पास के गांव भुडैली के कुछ लोग कथा सुनने को आए। बताया गया कि वे लोग बीच-बीच में रुपये दे रहे थे। इस पर कुछ लोगों ने कहा कि एक बार में ही रुपये दे दो। इससे कथा अनवरत चलती रहेगी। इसी बात पर गांव भुडैली निवासी अवधेश आदि से आयोजकों का विवाद हो गया। विवाद बढ़ जाने पर मारपीट होने लगी। कुछ लोग और आ गए। आरोप है कि भागवत कथा स्थल पर तोडफोड़ कर दी गई, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी गांव पहुंच गई और मामला शांत कराया।
गुरुवार रात हुए मामले में कथा आयोजक अजीत की ओर से अवधेश के अलावा दर्जन भर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घटना की पुलिस जांच कर रही है। कथा लगातार चल रही है।
एसके सिंह, सीओ दातागंज