सूरज की तपिश होने लगी बर्दाश्त से बाहर
सिर पर चिलचिलाती धूप, गर्म हवाओं के थपेड़े और नीचे तप रही सड़क। इस भीषण गर्मी में मंगलवार की दोपहर को जो भी घर से निकला और चंद मिनट धूप में चलने के बाद उसके मुंह से यह शब्द जरूर निकले कि उफ! ये चिलचिलाती गर्मी ने तो घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। सूरज की तपिश से बेहाल लोगों ने दोपहर के वक्त तो घरों से निकलना न के बराबर कर दिया है।
दोपहर होते ही शहर के व्यस्त बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आने लगता है। ऐसे में बाइक सवार, साइकिल सवार, पैदल राहगीर तो न के बराबर घरों से निकलते हैं। शहर में एसी दुकानों, बैंकों और मार्ट में युवा वर्ग के लोग दोपहर में खरीदने के नाम पर एसी में घूमने के लिए जाते हैं, जिससे कि तपती दुपहरी में आधा एक घंटा राहत मिल सके। सूर्य देव के तेवर तीखे होने की वजह से पारा भी आसमान छूने लगा है। ऐसे में शीतल पेयों की बिक्री धड़ल्ले में होने के साथ ही आइसक्रीम भी खूब बिक रही है। वहीं रसीले फलों के दाम घटने का नाम नहीं ले रहे हैं।