बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के गांव पंचायत नागपुर के मजरा नूरपुर में बृहस्पतिवार को भूमि की कुर्रेबंदी कराने पहुंची राजस्व टीम का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा करते हुए टीम को कार्रवाई करने नहीं दी। इससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। महिलाओं ने कार्रवाई के विरोध में बिसौली-बिल्सी मार्ग पर जाम लगा दिया। इसी दौरान एक महिला बेहोश होकर गिर गई। मामले को संभालने के लिए तीन थानों की पुलिस बुलानी पड़ गई। ग्रामीणों ने पुलिस पर अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस और राजस्व अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
नूरपुर निवासी मुंशीलाल और ओमप्रकाश पुत्र खंजनलाल के बीच 20 वर्ष पहले भूमि का बंटवारा हुआ था। विवादित भूमि को लेकर मामला एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन रहा। एसडीएम न्यायालय से फैसला मुंशीलाल के पक्ष में आने के बाद बृहस्पतिवार को कुर्रेबंदी कराने के लिए राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची।
इधर, ओमप्रकाश पक्ष का कहना है कि सड़क किनारे स्थित भूमि पर वर्षों पहले जाहरवीर बाबा, गुरु गोरखनाथ, भोलेनाथ और काली माता की मूर्तियां स्थापित कर धार्मिक स्थल बनाया गया था। उनका दावा है कि एसडीएम के आदेश के खिलाफ कमिश्नरी में अपील लंबित है और संबंधित आदेश भी राजस्व टीम को दिखाया। बावजूद इसके कार्रवाई शुरू कर दी गई।
इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। टीम में नायब तहसीलदार अभंग राज, कानूनगो दलवीर सिंह, हल्का लेखपाल पुलिस बल शामिल था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने विरोध कर रही महिलाओं के साथ अभद्रता और मारपीट की। इसमें माया देवी पत्नी फूल सिंह बेहोश होकर गिर पड़ी। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सड़क पर जाम लगा दिया। विवाद होने की जानकारी होने पर बिसौली, वजीरगंज और फैजगंज बेहटा थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर जाम खुलवाया और स्थिति सामान्य कराई। नायाब तहसीलदार अभंग राज ने बताया कि एसडीएम न्यायालय के आदेश के अनुपालन में कुर्रेबंदी की कार्रवाई की जा रही थी। मौके पर हुए विवाद की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। वहीं, सीओ अंशुमन ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में तथ्य सामने आने के बाद कठोर कार्रवाई की जाएगी।
रोड़ जाम के दौरान महिला की हालत बिगड़ने पर उपचार के लिए जाती महिला पुलिस कर्मी। संवाद