बिसौली। एनकाउंटर के केस में गाजियाबाद की जेल में सजा काट रहे तहसील क्षेत्र के गांव पहाड़पुर निवासी सेवानिवृत्त दरोगा लाल सिंह (71) का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। सूचना मिलते ही परिजन गांव पहाड़पुर से गाजियाबाद के लिए रवाना हो गए।
लाल सिंह पुलिस में दरोगा थे। वह 15 जुलाई 2015 में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। परिजनों ने बताया कि गाजियाबाद के भोजपुर थाने में तैनाती के दौरान एनकाउंटर से जुड़े एक मामले में उन्हें 23 फरवरी 2019 को सजा सुनाई गई थी। सजा के बाद से वह गाजियाबाद जेल में ही थे। मंगलवार को हृदय गति रुक गई। परिवार में पत्नी ज्ञानवती गाजियाबाद के प्रताप विहार में रहती हैं। बेटा प्रमोद कुमार सहारनपुर में विद्युत निगम में एसडीओ है, जबकि बेटी प्रगति की शादी हो चुकी है। संवाद