बदायूं। पंचायत चुनाव के लिए मंगलवार को पंचायती राज विभाग ने ग्राम पंचायतों की आरक्षण सूची जारी कर दी है। सूची को चस्पा कर दिया गया है। अब इस पर आठ मार्च तक आपत्तियां दी जा सकती हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद 15 मार्च को अंतिम आरक्षण जारी किया जाएगा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 30 अप्रैल तक संपन्न कराए जाने हैं। इसके लिए जिला स्तर पर सभी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद का आरक्षण पहले ही जारी हो चुका है। ग्राम पंचायत प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्य पदों के आरक्षण को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई थी। संभावित दावेदार आरक्षण पर स्थिति साफ होने का इंतजार कर रहे थे। मंगलवार देर शाम जिले के 15 ब्लॉक की 1037 ग्राम पंचायतों को लेकर आरक्षण की स्थिति साफ हो गई है। ग्राम पंचायत की कुल सीटों में 73 अनुसूचित जाति महिला, 129 अनुसूचित जाति, 99 अन्य पिछड़ा वर्ग महिला, 185 पिछड़ा वर्ग और 179 ग्राम पंचायत सीटों के लिए महिलाओं को आरक्षित किया गया है। प्रधान पद की 372 सीटों को अनारक्षित रखा गया है।
ग्राम पंचायतों के आरक्षण को लेकर अब आठ मार्च तक आरक्षण पर आत्तियां मांगी जाएंगी। इसके बाद आपत्तियों का निस्तारण और फिर 15 मार्च को आरक्षण की अंतिम शुरू जारी कर दी जाएगी। इस संबंध में जब डीपीआरओ डॉ. शरनजीत कौर से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन कवरेज एरिया से बाहर बताता रहा।
आरक्षण सूची चस्पा नहीं करने पर हंगामा
उझानी (बदायूं)। पंचायत चुनाव की ग्राम सभावार आरक्षण सूची देखने के लिए मंगलवार को ब्लॉक कार्यालय पर लोगों का जमघट लगा रहा। आरक्षण सूची सोशल मीडिया पर दोपहर से पहले ही वायरल होना शुरू हो गई थी, लेकिन अधिकतर सूची सूचना पट पर चस्पा नहीं की गई तो भाजपा नेता समेत लोगों ने हंगामा कर दिया।
भाजपा नेता प्रेमपाल कश्यप और उनके साथ कई लोग दोपहर में ग्राम सभाओं की आरक्षण सूची देखने के लिए ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। सूचना पट पर सूची चस्पा नहीं देख उन्होंने एडीओ पंचायत लक्ष्मण सिंह ग्वाल से जानकारी की। एडीओ ने अधिकतर सूची के बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसी बात पर भाजपा नेता समेत लोग भड़क गए। भाजपा नेता और एडीओ पंचायत के बीच नोकझोंक हो गई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने दोनों पक्ष को समझाबुझाकर मामला शांत करा दिया। संवाद