उझानी। बधाई क्षेत्र के बंटवारे को लेकर किन्नरों के दो गुट के बीच महीनों से चल रहे विवाद में पुलिस ने हत्या की सुपारी देने में शक्को किन्नर, उसके चेले और तमंचा समेत पकड़े गए युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शनिवार को गिरफ्तार युवक किए गए युवक को जेल भेज दिया गया है।
बहादुरगंज मोहल्ला निवासी गंगा उर्फ सना किन्नर की हत्या करने के लिए उनकी कार का पीछा करते समय शनिवार दोपहर बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव बांस बरौलिया निवासी विजय शर्मा तमंचे के साथ पकड़ा गया था। गंगा किन्नर का आरोप है कि बधाई क्षेत्र के बंटवारे को लेकर शक्को किन्नर उससे रंजिश मानती है। आरोप है कि इसी रंजिश में शक्को ने अपना चेला संजीव यादव के साथ मिलकर गंगा की हत्या करने के लिए विजय को सुपारी दी थी। गंगा और उसके चेले जब कार से मानकपुर की ओर निकले तो विजय ने बाइक से पीछा किया था। गंगा की तहरीर पर पुलिस ने शक्को, संजीव और विजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। विजय को पुलिस ने जेल भेज दिया है। निरीक्षक (अपराध शाखा) राहुल कुमार ने बताया कि शक्को और उसके चेले संजीव की तलाश की जा रही है।