बदायूं। घर में लूटपाट व आग लगाने की घटना के मामले में अब कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना करीब छह माह पहले 30 नवंबर की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
गांव शेखूपुर निवासी कासिम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि गांव के ही दो भाई सलमान और जाबिर दिन भर नशे में रहते हैं। आए दिन लोगों के साथ मारपीट व लूटपाट की घटना को देते हैं। बच्चों के झगड़े में सलमान व जाबिर की 30 नवंबर 2024 की शाम को कासिम की मां तहसीन से कहासुनी हो गई थी। उस दौरान दोनों सबक सिखाने की धमकी देकर चले गए थे। रात करीब नौ बजे सलमान व जाबिर तमंचे लेकर घर में घुस आए और गाली गलौज करते हुए तहसीन के साथ मारपीट की।
सलमान ने तमंचे से मां के सिर पर वार किया, जिससे वह गिर गई। जाबिर बोला कि घर में आग लगा दो। इस पर सलमान ने पेट्रोल छिड़ककर घर में आग लगा दी, जिससे घर में रखा फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, बेड, सोफा आदि जल गया। संदूक का ताला तोड़कर दो लाख रुपये का जेवर भी वह लूटकर ले गए। मां के शोर मचाने पर बहन आसमीन व आस मोहम्मद आए तो मां को बचाया। ग्रामीणों के आने पर दबंग भाग गए। थाने में तहरीर दी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी। 18 दिसंबर को एसएसपी को शिकायती पत्र दिया था। अब कोर्ट के आदेश पर सलमान व जाबिर के खिलाफ पुलिस ने मारपीट, लूट व घर में आग लगाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।