बदायूं। जिला अस्पताल परिसर स्थित टीबी अस्पताल में पोर्टेबल एक्स-रे मशीन शुरू होने से मरीजों को राहत मिली है। पहले यहां केवल सादा एक्स-रे मशीन उपलब्ध थी, जिससे जांच में तकनीकी दिक्कतें आती थीं और डॉक्टरों को उपचार में परेशानी होती थी।
जिला क्षय रोग विभाग में नई पोर्टेबल मशीन मिलने के बाद अब जांच प्रक्रिया अधिक सुगम और प्रभावी हो गई है। गंभीर मरीजों को इधर-उधर ले जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। मशीन को वार्ड तक ले जाकर भी जांच की जा सकती है, जिससे समय की बचत हो रही है और इलाज में तेजी आई है। पहले मरीजों को एक्स-रे के लिए निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ता था, जिससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ता था।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विनेश कुमार का कहना है कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई इस सुविधा से टीबी मरीजों की समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा। इससे न केवल मरीजों को सहूलियत मिलेगी, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।