बदायूं। अलापुर पुलिस और एसओजी ने तीन चोरों को गिरफ्तार कर काफी माल बरामद किया है। एक स्कार्पियों और डीसीएम भी कब्जे में ली है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह लोग दिन में रेकी कर रात में चोरी की घटना को अंजाम देते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने पत्रकारों को बताया कि पकड़े गए आरोपियों में तारिक पुत्र रफीक निवासी बेहटा डंबर थाना कादरचौक, सददाम पुत्र गफरुल्ली व तस्लीम पुत्र सददाम निवासी वार्ड नंबर -12 ककराला थाना अलापुर शामिल हैं। जबकि उनके साथी राहिल उर्फ राहुल निवासी गंज डुडवारा जिला कासगंज, अहमद नबी पुत्र नबी मोहम्मद, आमिर पुत्र रफीक, फरमान पुत्र नौशे निवासी बेहटा डंबर थाना कादरचौक और शाहरुख उर्फ इब्ने अली पुत्र नामे अली निवासी मोहम्मदगंज थाना कादरचौक की पुलिस को तलाश है।
एसएसपी ने बताया कि गिरोह का सरगना सद्दाम है। वह अपने बेटे तस्लीम के साथ वारदात को अंजाम देता है। जबकि गिरफ्तार किए गए तारिक व फरार चल रहा आमिर सगे भाई हैं। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की गईं 10 बैटरी, दो इन्वर्टर, एक एलईडी, छह बंडल तार, एक स्कार्पियो, एक डीसीएम तथा घटना में प्रयुक्त दो तमंचे व तीन कारतूस बरामद किए हैं।
बताया कि आठ दिसंबर को कुंवरगांव में एक बीज भंडार और साइकिल की दुकान में चोरी की घटना हो गई थी तथा 12 दिसंबर की रात को उझानी में एक इलेक्ट्रानिक दुकान से इन्वर्टर व बैटरी की चोरी की गई थी। जबकि कस्बा म्याऊ थाना अलापुर में 28 दिसंबर की रात को इन्वर्टर, बैटरी, तारों के बंडल चोरी हुए थे। सभी मामले संबंधित थानों पर दर्ज किए गए थे। लगातार चोरी की घटनाओं से व्यापारी वर्ग में गुस्सा था। शीघ खुलासे के लिए थाना अलापुर, उझानी, कुंवरगांव तथा स्वॉट व सर्विलांस टीम को लुटेरों की गिरफ्तारी करने के लिए लगाया गया था।
संगठित गिरोह है चोरों का
वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को पुलिस व एसओजी टीम ने मंगलवार शाम को अलापुर क्षेत्र के गांव ढका मोड़ से गिरफ्तार किया था। एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए चोरों से पुलिस ने जब पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है जो चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले रेकी करता है। उसके बाद योजना बनाकर वारदात को अंजाम देता है। उनके गिरोह ने ही अलापुर, उझानी व कुंवरगांव में रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। चोरी की गई बैटरी, इन्वर्टर व अन्य सामान को हम लोग आपस मे बराबर-बराबर बांट लेते हैं। इसी गिरोह द्वारा दातांगज में भी चोरी करने का प्रयास किया गया।
सभी चोरों पर लगेगी गैंगस्टर
एसएसपी ने बताया कि फरार चल रहे सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरोह के सभी सदस्यों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि गिरोह के सरगना सद्दाम पर जिले के अलग-अलग थानों पर चोरी, नकबजनी के करीब पंद्रह मुकदमे दर्ज हैं। जबकि तारिक पर चार और तस्लीम पर चोरी के तीन मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह के सदस्य चोरी किए माल को पहले किसी खेत में इकट्ठा करते हैं उसके बाद डीसीएम में लादकर दिल्ली ले जाकर बेच देते हैं। गिरोह के सदस्यों की कुंडली खंगाली जा रही है। खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने दस हजार रुपये का इनाम देने की भी घोषणा की है। इस मौके पर एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान, थाना प्रभारी अलापुर संजय कुमार सिंह समेत थाना अलापुर की पुलिस टीम, एसओजी की टीम भी मौजूद रही।