बदायूं। शिक्षा परिषद ने माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर दिशा देने के लिए पंख कॅरिअर गाइडेंस पोर्टल शुरू किया है। इस पोर्टल के माध्यम से कक्षा नौ से इंटरमीडिएट तक के छात्र-छात्राएं अपने कॅरिअर से जुड़ी शंकाओं का समाधान आसानी से कर सकेंगे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे अपने-अपने विद्यालयों के विद्यार्थियों का इस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराएं। इससे अधिक से अधिक छात्रों को कॅरिअर मार्गदर्शन का लाभ मिल सकेगा। पंख पोर्टल पर विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों, कोर्स, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
साथ ही छात्र अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार विकल्पों को समझ सकेंगे और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन भी प्राप्त कर पाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक लालजी यादव का कहना है कि इस पहल से विद्यार्थियों में कॅरिअर को लेकर स्पष्टता आएगी और वे सही दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। अक्सर देखा जाता है कि जानकारी के अभाव में छात्र गलत विषय या क्षेत्र का चयन कर लेते हैं, जिससे आगे चलकर उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पंख पोर्टल छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म साबित होगा, जहां वे समय रहते अपने कॅरिअर की सही योजना बना सकेंगे।