सदर क्षेत्र में सोमवार को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्रों को नए राशन कार्डों का वितरण किया। डीएसओ रामेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि करीब आधा दर्जन राशन कोटे की दुकान पर जाकर वितरण किया गया है।
दातागंज। कस्बे में करीब 12 सस्ते गल्ले की दुकानें हैं। यहां सोमवार को एसडीएम हरी राम सिंह यादव तथा पूर्ति निरीक्षक संजय चौधरी और राजेश कुमार ने पहुंचकर पात्र कार्ड धारकों को नए राशन कार्ड बांटे। एसडीएम यादव ने बताया कि बाकी कार्ड धारकों के लिए जल्द ही कार्ड उपलब्ध हो जाएंगे। ग्रामीण अंचल में भी एक दो दिन में वितरण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। वहीं पुराने राशन कार्डों के निरस्त करने पर विवाद की स्थिति भी उत्पन्न होने की आशंका है। जानकारों के मुताबिक कस्बे में 34 प्रतिशत कार्ड निरस्त किए गए हैं। वहीं देहात क्षेत्र में करीब 22 प्रतिशत कार्ड निरस्त किए गए हैं।
बिल्सी। एसडीएम विधान जायसवाल ने नगर के मोहल्ला पांच में पहुंचकर शासन से प्राप्त नवीन राशनकार्डों का वितरण किया। एसडीएम ने बताया कि कार्ड वितरण के लिए शिक्षकों, ग्राम सचिवों, लेखपालों की ड्यूटी लगाई गई है। इस मौके पर पूर्ति निरीक्षक राहुलदीप गुप्ता आदि मौजूद रहे।