बिजली चोरी पकड़ने के लिए चला अभियान मंगलवार को कई उपभोक्ताओं पर भारी पड़ गया। मीटर में गड़बड़ी करने पर एक उपभोक्ता पर डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना डाला गया। लोड बढ़ाने के साथ ही टीम ने करीब तीन लाख रुपये का राजस्व भी वसूल किया।
एसडीओ छैलबिहारी और मीटर अनुभाग के एसडीओ रामदास की अगुवाई में तीन दिन से बिजली चेकिंग अभियान पर निकली बिजली कर्मियों की टीम की मंगलवार को बिल्सी रोड बाजार नजर रही। टीम ने सूरजभान के मकान में मीटर में गड़बड़ी पकड़ ली। एसडीओ ने बताया कि मीटर में छेड़छाड़ करके उसकी रफ्तार को प्रभावित कर दिया गया था। सूरजभान पर डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना भी डाला गया। मौके पर उससे समन शुल्क भी वसूला गया।
छेड़छाड़ वाला मीटर भी बिजली कर्मियों ने बरामद कर लिया। इसके अलावा करीब दो दर्जन घरों में टीम ने लोड चेक किया। बकायएदार भी निशाने पर रहे। टीम ने पूरे दिन में करीब तीन लाख रुपया राजस्व वसूल किया। टीम में आरपी शर्मा, चंदन कश्यप, सुभाष चंद्र, लक्ष्मी, यतेंद्र कुमार सिंह उर्फ बंटी, रामप्रकाश और राजेश कुमार आदि शामिल थे।