बदायूं-ककराला रोड पर जलभराव से होकर निकलते वाहन व साइकिल सवार। संवाद
बदायूं। बृहस्पतिवार को सुबह से शुरू हुई तेज बारिश से मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे के साथ ही शहर में जलभराव ने मुश्किलें बढ़ा दीं। शहर के कई निचले इलाकों में भी सड़कें पानी में डूबी रहीं। लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ी।
जोगीपुरा, गांधी ग्राउंड, नवादा, रोडवेज परिसर समेत कई इलाकों में भी पानी भर गया। रोडवेज बस अड्डे पर यात्रियों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। दुकानों और बाजारों के सामने जलभराव से कारोबार भी प्रभावित हुआ। शाहदाब, हबीब का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बनती है, लेकिन जल निकासी की व्यवस्था आज तक नहीं सुधरी। प्रशासन ने जल निकासी के लिए नगर पालिका की टीमों को लगाया, लेकिन कई स्थानों पर देर शाम तक पानी नहीं उतर सका। उधर, मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर गौरी शंकर मंदिर के पास और बदायूं-ककराला रोड पर मंडी समिति के पास में जलभराव का शहर के जनजीवन पर भी असर पड़ा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
शहर के अंदर जलभराव की जहां भी समस्या होती है तो तुंरत उनका निस्तारण करने के लिए टीम भेजी जाती है, ताकि लोगों को दिक्कत न हो। -विनय कुमार मणि त्रिपाठी, ईओ
बिसौली में जलभराव और बिजली संकट से बढ़ी परेशानी
बिसौली। लगातार बारिश से बिसौली नगर और आसपास के क्षेत्रों में भी जनजीवन प्रभावित रहा। दबतोरी रोड पर जलनिकासी की व्यवस्था न होने से कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गईं। पानी में गड्ढे छिप जाने से दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई संपर्क मार्गों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ। दूसरी ओर बारिश के कारण बिजली लाइनों में फॉल्ट आने से कई फीडरों की आपूर्ति बाधित रही। घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल, घरेलू कार्य और दैनिक दिनचर्या में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। संवाद