दबतोरी। क्षेत्र के दबतोरी रेलवे स्टेशन पर लाइन नंबर एक में तकनीकी खराबी के चलते ट्रेनों का आवागमन एक नंबर लाइन पर रोक दिया गया। वहीं लाइन नंबर दो पर मालगाड़ी पहले से ही खड़ी थी। ऐसे में ट्रेन को लाइन नंबर तीन पर लेना पड़ा। इसके चलते लोग जान जोखिम में डालकर मालगाड़ी के नीचे से निकलकर ट्रेन में बैठे। इस दौरान जल्दबाजी के चक्कर में कुछ लोग चोटिल भी हो गए।
दबतोरी रेलवे स्टेशन पर लाइन नंबर दो पर एक मालगाड़ी खड़ी दी। शाम के समय बरेली से चंदौसी के लिए जाने वाली बरेली-मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन आने का संकेत मिला। ऐसे में हमेशा की तरह ट्रेन को लाइन नंबर एक पर लेने की कवायद शुरू कर दी गई, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते ट्रेन को लाइन नंबर एक पर नहीं लिया जा सका। ट्रेन को लाइन नंबर तीन पर लेना पड़ा। इससे यात्रियों में लाइन नंबर तीन पर जाने को भगदड़ मच गई। वहीं लाइन नंबर दो पर मालगाड़ी खड़ी होने की वजह से लोगों को उसके नीचे से निकलना पड़ा। जल्दबाजी के चक्कर में कई लोग गिरकर चोटिल हो गए। वहीं ट्रेन से उतरने वाले यात्री भी मालगाड़ी के नीचे से निकलकर प्लेटफार्म तक पहुंचे।
लाइन नंबर एक पर अचानक तकनीकी खराबी आजाने के चलते ट्रेन को तीन नंबर पर लेना पड़ा। ट्रेन जाने के बाद लाइन नंबर एक को ठीक कर लिया गया।
-डीपी सिंह, स्टेशन अधीक्षक दबतोरी