दातागंज (बदायूं)। पितृ विसर्जन अमावस्या पर शनिवार को स्नान करने आया लभारी गांव का ग्रामीण रामगंगा में डूब गया। काफी मशक्कत के बाद भी देर शाम तक उसे नहीं खोजा जा सका। जब उसका सुराग नहीं मिला तो तहसील प्रशासन और पुलिस की टीम वहां से चली गई। ग्रामीण के परिवार और गांव के लोग उसे खोजने में जुटे हैं। गोताखोरों की मदद भी ले रहे हैं।
हजरतपुुर के गांव लभारी निवासी हरीसिंह (50) शनिवार को अपने बेटे डबलू के साथ रामगंगा में स्नान करने पहुंचे थे। पिता-पुत्र हजरतपुर पुल के पास स्नान करने जैसे ही रामगंगा में घुसे, हरीसिंह अचानक गहराई में चले गए। डबलू ने उनको खींचने की कोशिश भी की, लेकिन तेज बहाव में वह कुछ न कर सका। शोर मचाने पर काफी लोग मौके पर आ गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। गोताखोरों को बुलाकर रामगंगा में हरीसिंह की तलाश शुरू की गई। काफी कोशिश के बाद भी देर शाम तक उनको नहीं खोजा जा सका। गांव के लोग भी जुटे रहे। कुछ पता न लगने पर तहसील और पुलिस की टीम यहां से चली गई। सूचना पर पहुंचे हरी सिंह के परिवार वाले भी देर शाम तक उनको खोजने में जुटे रहे, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। डबलू का कहना है कि उसके पिता डूबने के बाद करीब सौ मीटर दूरी पर एक बार दिखे थे। नायब तहसीलदार रितेश वर्मा ने बताया कि ग्रामीण की खोज जारी है। इसके लिए गोताखोरों और लेखपाल को लगाया गया है। जिस स्थान पर ग्रामीण डूबा वहां पर धार काफी तेज है। ऐसे में बहकर दूर चले जाने की भी आशंका है।