विजेता टीम को ट्राफी देकर सम्मानित करते आयोजक। संवाद
बिल्सी। मोहल्ला दो अगोल रोड स्थित बगिया वाले मैदान पर मंगलवार की रात आयोजित एक दिवसीय साबिर हुसैन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में कादिर क्लब की टीम चैंपियन बनी। फाइनल मैच में कादरी क्लब ने बाबू क्लब को छह विकेट से हराया। इसका उद्घाटन एसडीएम रिपुदमन सिंह ने किया।
कादरी क्लब के कप्तान समीर कादरी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले खेलते हुए बाबू क्लब ने निर्धारित 10 ओवर में आठ विकेट खोकर 27 रन बनाए। इसमें मुन्ना ने 10, आरिफ ने तीन, जहीर और सनी ने दो-दो रन बनाए। वहीं, कादरी क्लब की ओर गेंदबाजी करते हुए कप्तान समीर ने चार, रोहित, मुदित और आकाश माथुर ने एक-एक विकेट लिया। इसके बाद 28 रनों का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी कादरी क्लब की टीम ने चार विकेट खोकर अपने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। इसमें रोहित ने 12 और समीर ने 15 रन बनाए। बेहतरीन प्रदर्शन पर कप्तान समीर को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर मुशीर अंसारी, मोबीन खान, भूरा अंसारी, नदीम अंसारी, बंटी सागर आदि मौजूद रहे।