सरौता के ग्रामीणों ने कहा, सड़क पूरी की जाए
कटरी से जुड़े गांव सरौता के यात्री शेड से भवानीपुर तक प्रस्तावित संपर्क मार्ग को आधा-अधूरा बनाने पर मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी के अफसरों की भूमिका पर सवाल उठाया। बोले- रोड निर्धारित स्थान से होकर नहीं बना तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
सरौता के प्रधान देवेंद्र सिंह उर्फ पप्पू की अगुवाई में जुटे ग्रामीणों ने गंगागढ़ से भवानीपुर की ओर सड़क बनाने का विरोध शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब डेढ़ दशक पहले तत्कालीन भाजपा विधायक प्रेमस्वरूप पाठक ने सरौता से भवानीपुर तक सड़क का निर्माण कराया था। रोड टूटा तो पिछले साल बसपा विधायक हाजी बिट्टन ने विधायक निधि से धन अवमुक्त करा दिया। निर्माण कार्य यात्री शेड से भवानीपुर तक प्रस्तावित है लेकिन अब पीडब्ल्यूडी के अफसर रोड को गंगागढ़ से भवानीपुर की ओर बनवाने की कोशिश कर रह रहे हैं। इससे सरौता के ग्रामीणों को परेशानी होगी।
ग्रामीणों का कहना है कि वह इसे लेकर प्रधान के साथ पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी के अफसरों से भी मिले थे। अफसरों को बताया गया कि मनमाने तरीके से रोड का स्थान चयन कर लेने से ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कत होगी। अफसरों ने उस वक्त उन्हें कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया लेकिन स्थान चयन के नाम पर नतीजा सिफर रहा। ग्रामीणों चुन्नीलाल, माधव चरन, राजाराम, शिशुपाल सिंह, हेतराम, रामपाल, नरेशपाल, धनपाल सिंह और खेतलराम ने गुस्से का इजहार किया। बोले- पीडब्ल्यूडी अफसरों ने उन्हें अनसुना किया तो आंदोलन शुरू कर देंगे।