फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: बसपा नेता की दो मंजिला मार्केट की 14 दुकानों पर चला पीडब्ल्यूडी का बुलडोजर

विज्ञापन
दातागंज में अवैध दुकानों को बुल्डोजर से तोड़ा गया। इस दौरान मौके पर लगी भीड़। संवाद
विज्ञापन
दातागंज (बदायूं)। 21 साल पहले लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई दो मंजिला मार्केट की 14 दुकानों पर मंगलवार को बुलडोजर चला। ये दुकानें बसपा के मंडल कोऑर्डिनेटर अतीफ खान की थीं। तीन घंटे में सभी दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। इनके साथ ही लोनिवि ने दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह की चार दुकानों के चबूतरे और टिनशेड भी ध्वस्त कर दिए।
विज्ञापन


दातागंज में चौराहा और आस-पास की सड़क व चौराहे का चौड़ीकरण किया जाना है। इसी को लेकर लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका की ओर से सड़क की जद में आने वाले अवैध निर्माणों को ढहाया जा रहा है। मंगलवार दोपहर लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अभिषेक कुमार बुलडोजर लेकर नगर पालिका के ईओ मणिजीत सैनी और प्रभारी तहसीलदार जितेंद्र कुमार पुलिस एवं अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे।
टीम ने चौराहे से रोडवेज की ओर जाने वाले मार्ग पर बनी दो मंजिला मार्केट की दुकानों को ढहाने की कार्रवाई शुरू की। बुलडोजर कार्रवाई शुरू होने के बाद कुछ दुकानदार प्रभारी तहसीलदार जितेंद्र कुमार से मिले और अपना पक्ष रखने का प्रयास किया। दुकानदारों ने दुकानों से संबंधित दस्तावेज और नगर पालिका से स्वीकृत नक्शा भी अधिकारियों को दिखाया।
विज्ञापन

अधिकारियों ने कहा कि संबंधित लोगों को पहले ही अपना पक्ष रखने और निर्माण हटाने का पर्याप्त समय दिया गया था। टीम ने बसपा के मंडल कोऑर्डिनेटर अतीफ खान की दो मंजिला मार्केट में बनीं 14 दुकानों को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह की चार दुकानों के चबूतरे और टिनशेड भी बुलडोजर से ढहा दिए।


दातागंज में चौड़ीकरण की जद में अवैध रूप से बनाई दो मंजिला मार्केट आ रही थी। दुकानों के निर्माण के लिए विभाग से अनुमति भी नहीं ली गई थी। इस मार्केट को मंगलवार दोपहर ढहा दिया गया है। - नरेश कुमार, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग





नगर पालिका से नक्शा बनवाया पर लोनिवि से नहीं ली अनुमति



- दुकानों के निर्माण के दौरान भी जारी हुआ था नोटिस, मगर अफसर बदलते गए और कार्रवाई रुकी रही



संवाद न्यूज एजेंसी



दातागंज। दो मंजिला मार्केट की दुकानों का नक्शा नगर पालिका से वर्ष 2005 में बनवाया गया था। उस वक्त नगर पालिका ने नक्शे पर यह लिख दिया था कि लोनिवि की अनुमति लेने के बाद ही नक्शा पास माना जाएगा। बावजूद इसके लोनिवि से इस संबंध में कोई अनुमति नहीं ली गई। दुकानों के निर्माण के दौरान भी नोटिस जारी हुआ था, उसके बाद अफसर बदलते गए और कार्रवाई रुकी रही। अब सड़क चौड़ीकरण की सुध आई, तब यह बुलडोजर कार्रवाई की गई है।



बुलडोजर कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने नगर पालिका की ओर से स्वीकृत नक्शा ईओ सहित लोनिवि के एई को दिखाया। उनका कहना था कि दुकानें स्वीकृत नक्शे के आधार पर बनाई गई थीं, उन पर कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए थी। इस पर लोनिवि के सहायक अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि वर्ष 2005 में इन दुकानों का मानचित्र नगर पालिका से स्वीकृत हुआ था, लेकिन स्वीकृति में लोनिवि से अनुमति लेना भी आवश्यक बताया गया था। संबंधित लोगों ने लोनिवि से अनुमति लिए बिना ही दुकानों का निर्माण करा लिया था, इसलिए विभाग की जमीन की जद में आने वाला हिस्सा अवैध माना जा रहा है।



उधर, बसपा नेता की दातागंज में करीब 70 दुकानें बताई गई हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इनमें से कई दुकानों का निर्माण काफी पहले कराया गया था। आरोप है कि अधिकारियों से नजदीकी का लाभ उठाकर सरकारी जमीन पर निर्माण कराया गया था।











आसपास के दुकानदारों में भी खौफ नजर आया



मंगलवार को जिन दुकानदारों के निर्माण तोड़े गए, उनके अलावा आसपास के दुकानदारों में भी कार्रवाई को लेकर खौफ नजर आया। कई दुकानदार अधिकारियों के आसपास घूमते दिखाई दिए और कार्रवाई की जानकारी लेते रहे। दुकानदारों को आशंका थी कि चौड़ीकरण की जद में आने वाले अन्य निर्माणों पर भी विभाग की ओर से कार्रवाई की जा सकती है।







45-45 फुट चौड़ी होगी सड़क



दातागंज में चौराहे और आसपास की सड़क का चौड़ीकरण प्रस्तावित है। इसके तहत सड़क के मध्य से दोनों ओर लोनिवि की 45-45 फुट जमीन बताई जा रही है। विभाग के अनुसार, इस जमीन पर अलग-अलग स्थानों पर लोगों ने निर्माण और अतिक्रमण किया हुआ था। चौड़ीकरण के लिए सड़क के दोनों ओर की जमीन को खाली कराया जा रहा है। इसी के तहत जो निर्माण चौड़ीकरण की जद में आया, उसे ध्वस्त किया गया है।







चौराहा और सड़क का चौड़ीकरण होना है। इसी के तहत यह अभियान चलाया गया है। चौड़ीकरण की जद में जो भी अवैध निर्माण आएगा, उसे ढहाने की कार्रवाई की जाएगी। - मणिजीत सैनी, ईओ, नगर पालिका

दातागंज में अवैध दुकानों को बुल्डोजर से तोड़ा गया। इस दौरान मौके पर लगी भीड़। संवाद

दातागंज में अवैध दुकानों को बुल्डोजर से तोड़ा गया। इस दौरान मौके पर लगी भीड़। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें