सूबे के कैबिनेट मंत्री आजम खां के खिलाफ देशद्रोह के मामले में बहस के लिए सीजेएम मोहम्मद असलम सिद्दीकी ने 28 नवंबर तारीख तय की है। गुरुवार को वादी पक्ष के वकील राजीव शर्मा ने साक्ष्यों के तौर पर कोर्ट में अखबारों की कटिंग पेश कीं।
बजरंग दल नेता उज्ज्वल गुप्ता ने आजम खां के खिलाफ वर्ष 2011 में देशद्रोह का मामला दर्ज कराया था। आजम खां ने जम्मू-कश्मीर को लेकर विवादित बयान दिया था। वर्ष 2012 में सूबे में सपा की सरकार बनने के बाद पुलिस ने मामले में एफआर लगा दी थी। वादी के प्रोटेस्ट पर कोर्ट ने एफआर को खारिज कर दिया। मामले में सुनवाई चल रही है। साक्ष्य के तौर पर वादी पक्ष की ओर से वीडियो सीडी पहले ही कोर्ट में पेश की जा रही है। वादी और गवाहों के बयान भी दर्ज हो चुके हैं। गुरुवार को वादी पक्ष के वकील ने कोर्ट में साक्ष्यों के तौर पर अखबारों की कटिंग पेश कीं। कोर्ट ने बहस तलबी के लिए 28 नवंबर तारीख तय की है।