दो साल पूर्व ककराला में हुई एक लूट के मामले में फरार चल रहे बदमाश को थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बताते चलें कि वर्ष 2014 में ककराला निवासी नाजिस पत्नी जमशेद ने लूट का मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि घटना वाले दिन तीन बदमाश उनके घर में घुस आए और मारपीट करते हुए कुंडल खींच लिए थे। घर में मौजूद पति जमशेद ने विरोध किया था, तो उन्हें गोली मारकर घायल कर दिया था। इस मामले में तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने विवेचना के दौरान मुर्शिद पुत्र इशराक, उमीद पुत्र अब्दुल गनी नवी ताज पुत्र समीउल्ला को इस घटना में शामिल बताया। उस समय पुलिस ने उमीद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। नवी ताज ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। मर्शिद पुलिस के हत्थे नहीं लग सका था।
चौकी प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि लूट और हत्या के प्रयास के फरार आरोपी मर्शिद दिल्ली से ककराला आया है। वह एक दो दिन में हैदराबाद भाग जाएगा। वह अपने परिचित से मिलने ककराला-अलापुर रोड पर पुराने भट्ठे के पास खड़ा हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी करके बुधवार को मुर्शिद का पकड़ लिया। एसओ अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि मुर्शिद पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित है।