बदायूं। बिना फिटनेस प्राइवेट बसों से बच्चाें को स्कूल ले जाया जा रहा है। परिवहन निगम ने सोमवार को स्कूली बच्चों को ले जाते एक प्राइवेट बस सीज कर दी। इसी के साथ एक डबल डेकर बस समेत तीन अन्य वाहन भी सीज किए गए।
सोमवार को एआरटीओ अमरीश कुमार ने नवादा पुलिस चौकी के पास चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें एक निजी बस स्कूली बच्चों को ले जाते दिखी। एआरटीओ ने उसे पकड़कर सीज कर दिया। वहीं एक डबल डेकर बस, जो गैर जनपद को सवारियां भरकर जा रही थी, उसे भी सीज किया गया। साथ ही तीन अन्य वाहन ओवरलोडिंग में सीज किए गए। बता दें कि अप्रैल से नवंबर तक 31 स्कूल के वाहन सीज किए जा चुके हैं। इन वाहनों में फिटनेस न होना, मानक पूरे न होना या फिर अधिक बच्चे बैठे मिलने पर कार्रवाई की गई।
जिले में 528 वाहन, 47 की खत्म हो चुकी है मियाद
जिले में संचालित स्कूलों में 528 वाहन हैं, जो स्कूल वाहन के नाम से पंजीकृत हैं। स्कूल की बस की उम्र 15 साल है। जिले में 47 ऐसे वाहन हैं, जो 15 साल पूरे कर चुके हैं। इनकी फिटनेस भी नहीं हो सकती। ऐसे सभी वाहन स्वामियों को विभाग ने नोटिस भेजकर पंजीकरण निरस्त कराने को कहा है।
स्कूली वाहनों को चेक किया जा रहा है। एक बस स्कूल के बच्चे ले जाती मिली, जिसे सीज कर दिया गया है। लगातार अभियान जारी रहेगा। बिना फिटनेस स्कूली वाहन के स्वामियों को नोटिस भेजे गए हैं।- अमरीश कुमार, एआरटीओ