प्रधान संगठन की बैठक में प्रदेश महासचिव ने भरी हुंकार
राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन ने मालवीय आवास से एक बार फिर प्रशासन के खिलाफ हुंकार भरी। मुख्य अतिथि संगठन के प्रांतीय महामंत्री सोहन पाल साहू ने कहा कि विविध योजनाओं समेत मनरेगा में ग्राम प्रधानों को साजिशन फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने चेताया कि अगर, ऐसा होता है तो वह प्रदेश स्तर पर आंदोलन खड़ा कर देंगे।
प्रधान संगठन क सम्मेलन में प्रांतीय नेता साहू ने कहा कि उन्हें प्रधानों से शिकायतें मिल रही हैं कि जिलाधिकारी द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों को ग्राम विकास के दिए गए आदेश की अवहेलनाएं हो रही हैं। खुलेआम पंचायतीराज एक्ट की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। ब्लाक स्तर पर निर्धारित की गई ढाई लाख की विकास राशि का उपयोग कराने में संबंधित अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे हैं। प्रधानों को परेशान किया जा रहा है। जिला के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि मनरेगा आदि कार्य कराने वाले प्रधानों के विरुद्ध षड्यंत्र के तहत फंसाने और धमकाने की कोशिश की गई, तो विरोध प्रदर्शन से सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना जांच कराए किसी प्रधान पर कोई कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सभी प्रधानों से संगठित होकर अपनी आवाज को बुलंद किए जाने की जरूरत है। संगठन प्रधानों के हक दिलाने को कटिबद्ध है।
इस मौके पर भुवनेश कुमार सिंह, मुकेश चंद्र माहेश्वरी, रजनी, अरविंद कुमार, विमलेश कुमारी, महेंद्र पाल, डॉ. एमएस बघेल, राम अवतार, कैलाश चंद्र, माया देवी, नरेश, रूबी गौतम, गुड्डू सिंह, सूरज पाल, तनेश साहू, सोमवती, कटोरी देवी, सीमा देवी, विजय सिंह, विजयपाल सिंह, अंजलि, रोहिताश सागर, महीपाल, गंगा सिंह समेत तमाम प्रधान मौजूद रहे। संचालन सूरजपाल सिंह शाक्य ने किया।