प्रधानमंत्री किसान बीमा योजना से जिले में अब तक सिर्फ एक तिहाई किसान ही जोड़े गए हैं। वित्तीय वर्ष 2016-17 से शुरू हुई इस योजना में खरीफ और रबी की फसलों की बुआई करने वाले 96 हजार किसानों को ही जोड़ा जा सका। जबकि जिले में 2.70 लाख किसान हैं। बहुत सारे किसानों को तो यही नहीं पता कि इस योजना से कैसे जुड़ा जाए। असल में, बैंक वाले बिना केसीसी यानी किसान क्रेडिट कार्ड वाले किसानों का इस योजना के लिए प्रीमियम जमा करने को तैयार नहीं होते, वहीं कृषि विभाग का कहना है कि किसान चाहें तो सीधे भी बैंक में प्रीमियम जमा करा सकते हैं। केसीसी जरूरी नहीं है। ऐसे में, किसान इस योजना को लेकर उलझे हुए हैं और लाभ हासिल नहीं कर पा रहे हैं।
पिछले वित्तीय वर्ष 2016-17 में खरीफ की फसल के लिए जिले के 63881 किसानों की प्रीमियम धनराशि लगभग पांच करोड़ रुपये केसीसी के जरिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए जमा कराई गई। वहीं, 2016-17 में ही रबी की फसल के लिए 32382 किसानों का फसल बीमा करा कर लगभग दो करोड़ रुपये की प्रीमियम धनराशि जमा करा दी गई है। दोनों फसलों में अब तक लगभग 10747 किसानों को उनकी फसल पर क्षति के लिए लगभग 3.29 करोड़ रुपये का भुगतान दिया गया।